दाल बनाने से पहले क्यों ज़रूरी है उसे भिगोना ? जानिये फायदे!
भारतीय खान पान में दाल का बहुत महत्त्व है। चाहे उत्तर हो या दक्षिण, पूर्व हो या पश्चिम दाल किसी न किसी रूप में खाने की थाली में ज़रूर शामिल होती है। आपने अक्सर देखा होगा कि राजमा, छोले , चने, लोबिया जैसी साबुत दालें तो लोग रात भर भिगोते हैं लेकिन बाकी दालों को तुरंत कुकर में चढ़ा देते हैं। उन्हें दालों को पानी में धोने की तो आदत होती है लेकिन वो ये नहीं जानते कि उन्हें भिगोने के कितने फायदे हैं। आज हम आपको बताते हैं.
क्यों भिगोएं दालों को ?
कई दालों जैसे उड़द, चना दाल को खाने के बाद बहुत गैस बनती है। दालों में फाइटेट्स और लेक्टिंस होते हैं जो कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं पर फाइटेट्स और लेक्टिंस वाले खाद्य पदार्थों में कुछ ऐसे भी यौगिक तत्व होते हैं जिनसे गैस या पाचन से जुडी समस्याएं हो सकती हैं। दालों को भिगोने से ऐसे यौगिक बेअसर हो जाते हैं और पाचन से जुडी समस्याएं जैसे गैस आदि नहीं होती।

दालों को भिगोने से शरीर में मिनरल्स केअवशोषित होने की दर बढ़ जाती है। इसके अलावा फाइटेज नाम का एक एन्ज़ाइम है जो दालों को थोड़ी देर भिगोने पर सक्रिय हो जाता है। ये एन्ज़ाइम फाइटिक एसिड को तोड़ कर कैल्शियम, आयरन और ज़िंक को बाँधने का काम करता है जिससे शरीर में मिनरल्स अच्छी तरह अवशोषित होते हैं।
दालों में अमाइलेज़ नाम का एक यौगिक भी सक्रिय हो जाता है जो दालों में मौजूद जटिल स्टार्च को तोड़ कर दालों को ज़्यादा पाचक बनाता है। इसी के कारण दालों में जो गैस पैदा करने वाले तत्व होते हैं वे भी निष्क्रिय हो जाते हैं और दाल खाने के बाद भी आपको गैस, पेट फूलना आदि की तकलीफ नहीं होती।
इन सब फायदों के अलावा एक फायदा ये भी है कि भिगोई हुई दाल जल्दी पक जाती है जिससे ईंधन की बचत होती है और आपके पैसे की भी। तो आप भी आप दाल बनाने से पहले उसे भिगोने का नियम बना लें।























