जब तक कोरोना का प्रकोप कुछ कम नहीं हो जाता तब तक शायद आप घर पर रह कर ही काम करना पसंद करेंगे और शायद आपकी कम्पनी भी अभी सभी कर्मचारियों को एकसाथ काम पर नहीं बुलाएगी। ऐसे में फिलहाल शायद एक दो महीना और है जब आपको घर पर ही रहना है। और अगर आपने ध्यान नहीं दिया तो ये वक़्त काफी है जिसमें आपका वज़न बढ़ सकता है। पर अगर आप ये आठ टिप्स आज़मायेंगे तो ऐसा नहीं होगा।
1. फिटनेस ब्रेक के लिए अलार्म लगाएं
हो सकता है कि आप ने ये निश्चय कर रखा हो कि आप इतने बजे ज़रूर एक्सरसाइज करेंगे लेकिन काम के बीच अक्सर ऐसा होगा कि आप भूल जायेंगे। इसलिए बेहतर ये है कि आप इसके लिए अलार्म लगायें ताकि आपको पता चल जाए। और हो सके तो हर दो घंटे के बाद का लार्म लगाएं और उस समय थोड़ी स्ट्रेचिंग और अन्य एक्सरसाइज ज़रूर करें।
2. कमर से टाइट कपडे पहनें

अगर आप अपने पजामा में ही हर वक़्त रहेंगे तो आपको ये पता नहीं चल पायेगा कि आपका वज़न बढ़ रहा है। इसलिए हो सके तो काम करते समय जीन्स , पैंट आदि पहने जो आप ऑफिस जाते समय पहनते हैं। अगर तो आप उन्हें पहन पा रहे तो ठीक है लेकिन अगर वो पहनने में टाइट हो रहे हैं तो समझ लीजिये कि आपका वज़न बढ़ रहा है और आपको जल्द ही कुछ करना होगा।
3. खाने के समय को बांधें
अब आप क्यूंकि पिछले २-३ महीने से घर पर काम कर रहे हैं तो आपको पता चल ही गया होगा कि बार बार स्नैक्स खाना कितना आसान है , आखिर रसोई कुछ कदम ही तो दूर है। पर ये बात आपके शरीर या आपके पेट को नहीं पता है। इसलिए हो सके तो आप खाने का वही रूटीन रखें जो की ऑफिस जाते समय हुआ करता था। इससे आपका वज़न नहीं बढ़ेगा।
4. लंच ब्रेक लें
जिस तरह से आप अपने ऑफिस में आधे घंटे का लंच ब्रेक लेते थे ठीक उसी तरह घर पर भी काम करते समय लंच ब्रेक ले और उठ कर खाने की टेबल पर खाना खाने जाएँ और खाने के बाद थोड़ी चहल कदमी भी करें।
5. स्नैक्स को बर्तन में डाल कर खाएं

जब हम किसी भी स्नैक्स जैसे कि चिप्स आदि को सीधे उसके पैकेट में से खाते हैं तो पता ही नहीं चलता कि हम कितना खा गए। इसलिए हो सके तो आप स्नैक्स किसी प्लेट या कटोरी में डाल कर खाएं जिससे आपको पता चलता रहे कि आप कितनी मात्रा खा चुके हैं।
6. वर्कआउट की जगह बनाएं
अपने लिविंग रूम या फिर बैडरूम जहाँ कहीं भी आप बैठ कर काम करते हैं वहां एक वर्कआउट करने की जगह बनाएं जिसमें योगा मैट बिछाएं, कुछ वज़न उठाने वाले औज़ार , कूदने वाली रस्सी आदि रखें। इन्हें देख देख कर आपको एक्सरसाइज करने का मन अवश्य करता रहेगा।
7. पूरी नींद लें

नींद पूरी ना होने से वज़न बढ़ने के आसार बहुत बढ़ जाते हैं। अगर आप देर रात तक जगे रहेंगे तो आपको भूख लगती रहेगी और आप कुछ ना कुछ खाते रहेंगे और फिर आखिर में अपना वज़न बढ़ा लेंगे।
8. खूब सारा पानी पिएं
पानी हमारे शरीर के लिए सबसे ज़्यादा ज़रूरी तत्व है। ये आपके खाने को ठीक से पचने में मदद करता है। साथ ही ज़्यादा पानी पीने से आप अन्य कोल्ड ड्रिंक्स आदि का सेवन कम करेंगे जो कि आपका वज़न बढ़ा सकते थे।




