लॉक डाउन के कारण कुछ चीज़ें काफी बदल गयीं उनमें से एक है लोगों का टी वी से मोह भंग और ओटीटी प्लेटफार्म के प्रति रुझान। आजकल एक से बढ़कर एक वेब सीरीज़ अलग अलग प्लेटफॉर्म्स पर आती हैं। इनमें से हाल ही ‘क्लास ऑफ़ 83’ और ‘आश्रम’ के काफी चर्चे रहे। दोनों में बॉबी देओल का ज़बरदस्त किरदार था। और इनके कारण लोगों को फिर से बॉबी याद आ गए क्योंकि उन्हें सब लगभग भुला ही चुके थे। खुद बॉबी ने इस बारेमें बात की।
बॉबी ने बताया कि एक वक्त ऐसा आया था जब निर्माता निर्देशक उनकी जगह नए चेहरों को लेने लगे थे। बॉबी का कहना था उन्हें पी आर आदि चीजें नहीं पता थीं। और उस समय उन्हें जो स्क्रिप्ट मिल रही थीं वो भी उन्हें पसंद नहीं आ रही थीं। उन्होंने कुछ स्क्रिप्ट्स को ना कहा और फिर धीरे धीरे लोगों में ये बात होने लगी कि बॉबी तो मज़े कर रहा है, उसे सक्सेस मिल गयी इसलिए वो आराम करने लगा है , आलसी हो गया है। धीरे धीरे उनके हाथ से कई मौके निकल गए और वो घर बैठने को मजबूर हो गए।
बॉबी का कहना था कि ये समय उनके लिए बहुत बुरा था क्योंकि वे घर का कमाने वाला सदस्य थे और ऐसे घर बैठना उन्हें अंदर ही अंदर खाये जा रहा था। दुःख और अवसाद में वे बहुत शराब पीने लगे थे और घर वाले उन्हें दया और दुःख की नज़रों से देखने के सिवाय और कुछ नहीं कर पा रहे थे। धीरे धीरे बॉबी के बच्चों ने अपनी माँ से पूछना शुरू कर दिया कि पापा काम के लिए बाहर क्यों नहीं जाते , घर पर ही क्यों रहते हैं। इससे बॉबी को काफी चोट पहुंची और उन्होंने कुछ करने की सोची। वे प्रोड्यूसर्स से मिलने लगे लेकिन बात नहीं बनी।
बॉबी का कहना है कि उनका जीवन और करियर फिर से बदला सलमान ने। बॉबी उन्हें मामू कहकर बुलाते हैं। सलमान ने उन्हें समझाया कि उनके खुद के बुरे वक्त में उन्होंने सनी देओल और संजय दत्त का सहारा लेकर , उनके कन्धों पर चढ़कर सफलता पायी। बॉबी को भी ऐसा ही करना चाहिए और किसी और हीरो के साथ फिल्म करनी चाहिए। तब बॉबी ने कहा कि आप मुझे अपने कंधे पर चढ़ा कर सहारा दे दो। इसके बाद सलमान ने रेस 3 में बॉबी को फिर से काम दिया और तब से बॉबी की गाडी फिर निकल पड़ी। आज बॉबी फिर से घर घर में जाने जाने लगे हैं और इस बात की उन्हें बहुत ख़ुशी भी है कि लोगों ने उनके अंदर के अभिनेता को फिर से स्वीकार कर लिया है।

