भूमि पेडनेकर आज बॉलीवुड का एक जाना माना नाम हैं। उन्होंने आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ से डेब्यू किया था। फिल्म में वे एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार की बेटी बनी थी जो काफी होशियार है लेकिन वजन ज़्यादा है। फिल्म दर्शकों को बहुत पसंद आयी थी और भूमि का स्वाभाविक अभिनय भी सबके दिल को छू गया था। ये फिल्म भूमि के लिए काफी ख़ास है और इसके बारे में एक रोचक बात उन्होंने नेहा धूपिया के शो में बताई।
नेहा के शो ‘नो फ़िल्टर नेहा’ का नया सीज़न चल रहा है जिसमें कई सेलेब्रिटीज़ आ चुके हैं और लॉक डाउन के अपने अनुभव भी शेयर किये हैं। भूमि अभिनेत्री बनने से पहले यश राज की फिल्मों में असिस्टेंट डाइरेक्टर थी। अपनी पहली फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ के बारे में बात करते हुए भूमि ने बताया कि फिल्म के किरदार की तैयारी में सीमा पाहवा (जो फिल्म में उनकी माँ बनी थीं ) ने काफी मदद की।
फिल्म के लिए उनका नाम फ़ाइनल होने के बाद जब आयुष्मान, भूमि कर सीमा जी मिले तो सीमा जी ने भूमि को अपने घर बुलाया ” सलवार कमीज पहन कर मेरे घर आना ” अगले दिन जब भूमि सीमा जी के घर पहुंची तो तब से लेकर पूरे एक महीने तक सीमा जी ने उन्हें ट्रेनिंग दी उनके किरदार के अनुरूप उन्हें ढालने के लिए। इसके लिए भूमि कभी उनके घर की झाड़ू लगाती , कभी पोछा , कभी चाय बना कर लाती। ये सिलसिला पूरे एक महीने चला। ” भूमि ने कहा कि तब उन्हें एहसास हुआ कि ये असली ज़िंदगी है अभी तक तो मैं अपने एक अलग बुलबुले में रह रही थी। सीमा जी ने मुझे अपनी संरक्षित ज़िंदगी से निकल कर असली ज़िंदगी को समझने में मदद की।”

