सास बहू का रिश्ता अक्सर खिंचाव और मुश्किलों से भरा हुआ होता है और ज़्यादातर मुश्किल बहू को ही उठानी पड़ती है क्योंकि वो अपनी सास के घर में आयी है इसलिए एडजस्ट भी उसे ही करना पड़ेगा। ज़्यादातर बातें तो बहुएं टालने की कोशिश कर ही लेती हैं लेकिन कुछ बातें ऐसी होती हैं जो सहन नहीं होतीं। ऐसी ही एक प्रॉब्लम है सास का घर की कामवाली से घर के अंदरूनी किस्से शेयर करना। ये बात अक्सर घरों में होती है और सास ही इस तरह की मुश्किल कड़ी करती हैं।
ज़्यादातर सासुओं को अपनी बहू की बुराई करने में अजीब सा सुकून मिलता है और वो ये भी नहीं सोचतीं कि वे कहाँ और क्या बोल रही हैं और किससे कह रही हैं। छोटी मोती बातों को शायद बहू नज़रअंदाज़ कर भी दे लेकिन जब सास हर छोटी बड़ी बात कामवाली को कहने लगे तो ये बात सीमा से बाहर हो जाती है। ऐसे में सास बहू की सिर्फ बुराई ही नहीं करती बल्कि बहू बेटे के बीच हुए छोटे मोटे झगड़े , बेटे बहू की तनख्वाह या प्रॉपर्टी को लेकर भी बातें कामवाली से करने लगती हैं और ये तो किसी को भी सहन नहीं हो सकता। अगर आपकी सास भी ये करती है तो आप ये तरीके आजमा सकती हैं।
सास से बात करें: आपका सबसे पहला कदम सास से बात करना होना चाहिए क्योंकि आप निश्चित रूप एक शिकायती बहू नहीं बनना चाहेंगी जो अपनी सास की शिकायत उसके बेटे से मौका मिलते ही करने लगती है। आप पहले सास से शांति से बात करें, उन्हें समझाएं कि घर की बातें किसी भी बाहर वाले से करने के क्या परिणाम हो सकते हैं और घर परिवार की सुरक्षा के लिए कितना बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। उन्हें कहें कि अगर उन्हीं ये बातें शेयर करनी ही है तो घर के किसी और व्यक्ति से करें लेकिन कामवाली से नहीं।
सास का पक्ष समझें: एक बार हर बात को एक तरफ रखकर ये विचार करें कि इसके पीछे आपकी सास की मंशा क्या है ? इसमें से खुद को अलग करके देखने की कोशिश करें , उनकी उम्र का ध्यान रखें। सोचें कि कहीं वे अपने बेटे की तरफ से उपेक्षित तो नहीं महसूस कर रहीं और उसका ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए ऐसी हरकतें तो नहीं कर रहीं ? अगर ऐसा है तो आपको अपने पति को इस इस बात पर ध्यान दिलवाना चाहिए .
पति को विश्वास में लें: अगर आप ऊपर के दोनों तरीके अपना चुकी हैं तो एक ही मतलब है आप चाहे कितनी भी कोशिश कर लें , सास आपकी कही सही बात को भी सही नहीं मानेंगी क्योंकि उनका अहम् और ईगो ये मांनने को तैयार नहीं होता कि बहू भी कभी सही हो सकती है। हाँ उनके बेटे के लिए उनके दिल में हमेशा सॉफ्ट कॉर्नर रहता है। इसलिए पहले अपने पति से इस बारे में शान्ति से बात करें , झगड़ा नहीं , आरोप भी नहीं – बात करें कि कैसे ये घर के लिए ठीक नहीं है।
आपके पति अगर कहेंगे तो आपकी सास के सुनने और मानने की सम्भावना ज़्यादा है। और अगर फिर भी आपको बदलाव न दिखाई दे तो आपके पति को थोड़ा सख्ती से भी पेश आना पड़ सकता है क्योंकि आजकल के समय में किसी का भी विश्वास नहीं किया जा सकता और आप ये कतई नहीं चाहेंगे की आपके घरेलू मामलों के बारे में आपकी कामवाली दुनिया भर में ढिंढोरा पीटे।
याद रखिये रिश्तों की अहमियत बहुत है लेकिन रिश्तों की पवित्रता और सीमाएं बनाये रखना भी उतना ही ज़रूरी है और ये बात सिर्फ आप पर ही नहीं आपके पति और सास पर भी उतनी ही लागू होती है।

