मानसिक बीमारी या डिप्रेशन एक ऐसी तकलीफ है जो इस लॉक डाउन से पहले हमने बहुत सुनी थी लेकिन कभी इस पर उतना ध्यान नहीं दिया। लेकिन कोरोना के कारण चल रहे लॉक डाउन में ये तकलीफ बहुत उभर कर सामने आयी है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले और बाद में भी इस कठिन समय में कई लोगों ने अपनी जान दे दी। अकेलेपन से जूझ रहे इन लोगों को जान देना ही सबसे आसान लगा। पर क्या आपने सोचा है कि यदि आपके परिवार या आस पास कोई ऐसा व्यक्ति है जो इस दौर से गुज़र रहा है, तो आप कैसे उसकी मदद कर सकते हैं ? आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा।
सबसे पहले तो ये ध्यान रखें कि डिप्रेशन और इससे जुड़े लक्षणों का कोई अचूक इलाज आप नहीं कर सकते। ये एक लंबा रास्ता है जिसमें आपको धैर्य रखना होगा।
पीड़ित व्यक्ति के आस पास रहें, और उन्हें बताएं कि आप उनके लिए और उनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे और उनकी बात सुनने के लिए तैयार हैं जब भी वो व्यक्ति चाहे। उन्हें अपनी बातें शेयर करने के लिए धीरे धीरे विश्वास में लें। याद रखें, आपको उपस्थिति दर्ज करवानी है लेकिन उन पर चढ़ नहीं बैठना।
हम भारतीय लोगों में अपना ज्ञान बांटने की बहुत बुरी आदत होती है। और मानसिक कठिनाई के मामले में तो हमें बड़ा ही इस तरह किया गया है कि हम इसे कोई तकलीफ मानते ही नहीं। ‘अरे क्या छोटी सी बात पर इतना सोच रहे हो’ ; ‘क्यों बात का इश्यू बना रहे हो?’ या फिर ‘ऐसा तो सोचना ही नहीं चाहिए बेकार है ऐसे सोचना’ . याद रखें आप उनकी बात सिर्फ सुन रहे हैं , उन्हें कोई रास्ता नहीं सुझा रहे। किसी भी मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति के लिए भाषण तो सबसे बुरी चीज़ है।
बजाय ये कहने के कि ऐसा सोचने का कोई मतलब नहीं , उन्हें बताएं कि ‘जैसा वो महसूस कर रहे हैं और सोच रहे हैं उसमें कोई बुराई नहीं ‘ उन्हें बस ज़रुरत है किसी से बात करने की। और ये कोई कमज़ोरी की निशानी नहीं बल्कि उनके लिए जरूरी है। उन्हें पहले उनका खोया आत्मविश्वास लौटाने की जरूरत है , चाहे थोड़ा थोड़ा ही।
उन्हें किससे बात करनी है और कितनी करनी है, ये निर्णय उनको करने दें। आप भले ही उनका अच्छा चाहते हैं पर खुद को उन पर थोपें नहीं। उन्हें चुनाव का अधिकार दें। हाँ ये आप कर सकते हैं कि जिस व्यक्ति से वो अपने दिल की बात शेयर करते हैं उनसे आप टच में रहे और जानने की कोशिश करें कि वो चाहते क्या हैं, क्या सोचते हैं और किस बात की तकलीफ उन्हें सबसे ज़्यादा है, कौन सी बातें हैं जो उन्हें दुखी और अकेला महसूस कराती हैं और उन्हें किस तरह के सहारे की ज़रुरत है।

