गुलज़ार साहब क्रिकेट के खेल के उस ऑल राउंडर की तरह हैं जिसे सब कुछ आता है। गुलज़ार साहब की कलम से निकला हर शब्द जादू करता है वहीं उनकी बनायीं फिल्में भी एक अलग तरह का संसार और नजरिया हमारे सामने रखती हैं। अपने लम्बे फ़िल्मी करियर में गुलज़ार साहब ने कोई पचासों फिल्में नहीं निर्देशित की हैं , लेकिन जो की , उन्होंने अपना नाम सुनहरी स्याही से लिखवा दिया है। हम आपके लिए लाये हैं गुलज़ार साहब की वो 5 फलमें जो सबसे बेहतरीन हैं या यूँ कहें हमें सबसे ज़्यादा पसंद हैं।
1 परिचय (1972 )
कहते हैं कि ये फिल्म मशहूर अंग्रेजी फिल्म ‘साउंड ऑफ़ म्यूज़िक ‘ पर आधारित है लेकिन गुलज़ार ने जिस तरह से इसका भारतीयकरण किया और इसके पात्रों को खूबसूरती से लिखा , उसके कारण ये फिल्म बॉलीवुड इतिहास की सबसे सुन्दर फिल्मों में से एक बन गयी। नन्हे बच्चों के भोलेपन और शरारतों के साथ इस फिल्म ने जीवन में प्यार और रिश्तों की खासियत बहुत ही मीठे अंदाज़ से समझायी।
2 अंगूर (1982 )
शेक्सपियर के मशहूर नाटक ‘कॉमेडी ऑफ़ एरर्स ‘ पर आधारित इस फिल्म में संजीव कुमार और देवेन वर्मा दोनों के डबल रोल थे। कॉमेडी फिल्मों में इस फिल्म का नाम सबसे ऊपर की फिल्मों में आता है। गुलज़ार साहब ने बड़ी ही खूबसूरती से इस खुशमिज़ाज फिल्म को बनाया जो दर्शकों को अंदर तक गुदगुदा गयी।
3 इजाज़त (1987 )
हिंदी फिल्मों में पति -पत्नी के रिश्तों को गहराई से टटोलती हुई फिल्में बहुत ही कम बनी हैं और उनमें संवेदनशीलता भी उतनी नहीं लेकिन गुलज़ार साहब की फिल्म ‘इजाज़त ‘ इस मामले में मास्टरपीस कही जा सकती है। रेखा , नसीरुद्दीन शाह और अनुराधा पटेल के दिल छु लेने वाले अभिनय और गुलज़ार साहब के कुछ सबसे बेहतरीन गीतों फिल्म मिस करना बॉलीवुड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मिस करने के बराबर है।
4 कोशिश (1972 )
एक गूंगे बहरे दम्पति के प्रेम और जीवन की कठिनाई की कहानी थी ‘ कोशिश’ . हिंदी फिल्मों में शायद ये पहला ही मौका था जब फिल्म के मुख्य हीरो और हीरोइन किसी न किसी रूप में विकलांग थे। लेकिन गुलज़ार साहब ने फिल्म की कहानी और किरदार इतनी खूबसूरती के साथ पिरोये कि ये फिल्म अपने आप में मील का पत्थर बन गयी।
5 माचिस (1996 )
माचिस गुलज़ार साहब द्वारा सिख उग्रवाद पर बनायीं गयी एक बेहद मज़बूत और विचारोत्तेजक फिल्म थी। फिल्म में चंद्रचूड़ सिंह , तबु और जिमि शेरगिल की मुख्य भूमिकाएं थीं। फिल्म और फिल्म के गाने दोनों ही दर्शकों को आज भी पसंद और याद हैं। गुलज़ार साहब के तरकश से निकला ये एक और तीर था जो बिलकुल निशाने पर लगा।

